Saran News: 10 लाख के लालच में शादी का विरोध,माता-पिता पर आरोप लगा युवती पहुंची DM के पास

सारण के बनियापुर की एक युवती ने अपने ही माता-पिता पर 10 लाख रुपये के लालच में जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। मर्जी से नोटरी मैरिज करने के बाद युवती ने DM से सुरक्षा की मांग की है और पति पर दर्ज FIR को झूठा बताया है।

सारण में लव मैरिज के बाद युवती को मिली धमकी, DM से लगाई सुरक्षा की गुहार- फोटो : Reporter

सारण के बनियापुर थाना क्षेत्र में एक बालिग युवती के शपथ- पत्र ने पारिवारिक विवाद को गंभीर मोड़ दे दिया है। युवती ने अपने माता- पिता पर 10 लाख रुपए के लालच में उसकी इच्छा के खिलाफ दूसरी जगह शादी कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित युवती ने सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को शपथ- पत्र देकर खुद और अपने पति की सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही पति के खिलाफ दर्ज मामले को गलत बताते हुए उसे समाप्त करने की मांग की है।


युवती के आवेदन के अनुसार बताया जा रहा है कि उसने अपनी मर्जी से 14 अगस्त को मंटू कुमार तिवारी के साथ नोटरी के माध्यम से विवाह किया था। इसके बाद 26 अगस्त को वह घर छोड़कर अपने पति के साथ चली गई। युवती का दावा है कि वह बालिग है और उसने बिना किसी दबाव के विवाह का निर्णय लिया है। इसके बावजूद परिवार की ओर से उसकी शादी दूसरी जगह कराने का प्रयास किया जा रहा था।


शपथ- पत्र में युवती ने पति के खिलाफ दर्ज मामले पर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि उसके पति को जान बूझकर मामले में फंसाया गया है। युवती ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से उसे और उसके पति के परिवार को धमकियां मिल रही हैं। उसे आशंका है कि परिवार की ओर से दबाव बनाने के लिए किसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है। इसी को लेकर उसने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।


मामला सामने आने के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस युवती के बयान, शपथ- पत्र, विवाह से संबंधित दस्तावेज और पति के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है। जांच का अहम बिंदु यह भी है कि युवती ने घर छोड़ने और विवाह का फैसला अपनी स्वतंत्र इच्छा से लिया था या उसके पीछे किसी तरह का दबाव अथवा परिस्थितिजन्य कारण था। फिलहाल युवती द्वारा माता- पिता पर लगाए गए 10 लाख रुपए के लालच में शादी कराने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट