Bihar News: सासाराम में 9 साल के अद्वैत ने छठ गीतों से बांधा समां, हारमोनियम की धुन पर भक्तिमय हुआ माहौल
Bihar News: सासाराम में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर चारों तरफ भक्तिमय माहौल बन गया है। ...
Bihar News: सासाराम में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर चारों तरफ भक्तिमय माहौल बन गया है। घाटों से लेकर घरों तक छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। इसी बीच सासाराम के एक नन्हे बाल कलाकार ने अपनी सुरीली आवाज और हारमोनियम की मधुर धुन से लोगों का मन मोह लिया है। महज 9 साल के अद्वैत साह ने छठ के पारंपरिक गीतों की ऐसी प्रस्तुति दी है कि पूरा माहौल भक्तिरस में डूब गया।
सासाराम के कंपनी सराय मोहल्ले के रहने वाले अद्वैत साह हारमोनियम बजाते हुए छठ के पारंपरिक गीत गा रहे हैं। उनकी मासूम आवाज और सुरों का सुंदर संगम लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। छठ के गीतों के जरिए अद्वैत ने बिहार की लोक संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक पेश की है।
दरअसल, आज नहाय-खाय के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ हो गया है। व्रती पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ इस कठिन अनुष्ठान की शुरुआत कर रहे हैं। घरों में छठी मैया के गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। ऐसे भक्तिमय माहौल में अद्वैत की यह प्रस्तुति पर्व की रौनक को और बढ़ा रही है।
छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक आस्था का प्रतीक भी है। पीढ़ी दर पीढ़ी चले आ रहे पारंपरिक गीत इस पर्व की आत्मा हैं। ऐसे में नौ साल के अद्वैत द्वारा हारमोनियम पर इन गीतों को गाना इस बात की खूबसूरत मिसाल है कि नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेज रही है।
अद्वैत की सुरीली प्रस्तुति ने लोगों को भावविभोर कर दिया है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार