रोहतास जिले 54 साल पूरे होने भव्य कार्यक्रम का हुआ आयोजन, सांसद, विधायक समेत बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

रोहतास को जिले बने 54 साल पूरे होने पर मंगलवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन सासाराम सांसद और डेहरी विधायक ने संयुक्त रुप से किया.....

54 साल का हुआ रोहतास जिला- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : जिले में मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ जिले का 54वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। सासाराम के फजलगंज स्थित मल्टीपरपज हॉल में मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से सासाराम के कांग्रेस सांसद मनोज कुमार और डेहरी के लोजपा (R) विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलेभर से आए कई गणमान्य लोग, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


कृषि के क्षेत्र में अग्रणी है रोहतास, सांसद ने उठाई सरकारी विश्वविद्यालय की मांग

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद मनोज कुमार ने कहा कि रोहतास जिला 'धान का कटोरा' के रूप में विख्यात है और कृषि के क्षेत्र में यह पूरे बिहार में सबसे आगे है। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ के लोग पढ़ाई-लिखाई में काफी आगे हैं, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को आज भी बाहर जाना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने पुरजोर तरीके से मांग उठाई कि रोहतास में एक सरकारी विश्वविद्यालय की सख्त जरूरत है ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा मिल सके।


किसानों के विकास के लिए सरकार उपलब्ध करा रही है सभी संसाधन: विधायक सोनू सिंह

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए डेहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि रोहतास को एक समृद्ध और विकसित जिला बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के आपसी सहयोग से जिले के हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने खास तौर पर कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ के किसान बहुत बेहतरीन कार्य कर रहे हैं और बिहार सरकार भी किसानों को खेती-किसानी के लिए तमाम आधुनिक संसाधन उपलब्ध करा रही है।


स्थापना दिवस को लेकर जिलेवासियों में दिखा उत्साह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

54वें स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर पूरे रोहतास जिले में उत्साह का माहौल देखा गया। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से रोहतास की सांस्कृतिक और कृषिगत उपलब्धियों को रेखांकित किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में अपने जिले की प्रगति को लेकर काफी उमंग और गर्व महसूस हुआ।


रंजन की रिपोर्ट