तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले हई मौत

रफ्तार के कहर ने एक 55 वर्षीय व्यक्ति की जान ले ली। घटना रोहतास जिले के रामगढ़ गांव की है। घटना के बाद मृतक के परिवार मे कोहराम मचा हुआ है....

सड़क दुर्घटना में मौत- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के अगरेर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के पास सड़क हादसे में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अगरेर थाना क्षेत्र के डिलिया गांव निवासी राजवंश पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


बताया जाता है कि राजवंश पासवान रामगढ़ गांव के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।


हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल राजवंश पासवान को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, ताकि उनकी जान बचाई जा सके। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


राजवंश पासवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।


इस सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इस घटना से जुड़ी अन्य जानकारी और पुलिस की कार्रवाई का विवरण सामने आना बाकी है।

रंजन की रिपोर्ट