3 महीने पहले सासाराम से अगवा युवती को राजस्थान में बेचा : पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर युवती को कराया मुक्त

सासाराम नगर थाना क्षेत्र से साढ़े तीन महीने पहले अगवा की गई एक युवती को पुलिस ने राजस्थान सकुशल बरामद कर लिया है। बदमाशों ने उसे 2.5 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है....

सासाराम से अगवा युवती राजस्थान से बरामद- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : सासाराम नगर थाना क्षेत्र से साढ़े तीन महीने पहले बहला-फुसलाकर अगवा की गई एक युवती को पुलिस ने राजस्थान के झालावाड़ जिले से सफलतापूर्वक मुक्त करा लिया है। आरोपी युवती को झालावाड़ के बकानी थाना अंतर्गत नानौर गांव में ढाई लाख रुपये में बेच चुके थे।


अप्रैल को दर्ज हुई थी गुमशुदगीजांच में हुआ बड़ा खुलासा

युवती के लापता होने पर परिजनों ने 7 अप्रैल 2026 को सासाराम नगर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। शुरुआती जांच में मामला गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने गहनता से पड़ताल की, तो मानव तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ।


पुलिस की विशेष टीम ने राजस्थान में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा

नेटवर्क का सुराग मिलते ही सासाराम नगर थाने की पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई। पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों—तूफानी सिंह और पिंटू राठौर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही बंधक बनाकर रखी गई युवती को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।


"स्थानीय लिंक की तलाश जारीजल्द होंगी और गिरफ्तारियां": SDPO विप्लव कुमार

मामले की जानकारी देते हुए सासाराम के SDPO-1 विप्लव कुमार ने बताया कि पुलिस ने राजस्थान से दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा है और युवती को रेस्क्यू कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह में शामिल स्थानीय संपर्कों और बिचौलियों की तलाश जारी है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


कम लिंगानुपात वाले राज्यों के चलते बढ़ा मानव तस्करी का गिरोह

SDPO विप्लव कुमार ने बताया कि जिन राज्यों में लिंगानुपात कम है, वहां के लोग शादी के नाम पर बिहार और उत्तर प्रदेश में विकल्प तलाश रहे हैं। इसी का फायदा उठाकर स्थानीय आपराधिक गिरोह सक्रिय हो गए हैं, जो भोले-भाले परिवारों की लड़कियों को शादी और काम का झांसा देकर दूसरे राज्यों में बेच रहे हैं।


रंजन की रिपोर्ट