Indian Cricketer Akash Deep: टीम इंडिया के गेंदबाज आकाश दीप के तिलक समारोह में उमड़ा जनसैलाब, दुल्हन की तरह सजा रोहतास का गांव, 24 जून को वाराणसी में लेंगे सात फेरे, देखिए तस्वीर

Indian Cricketer Akash Deep: भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और रोहतास की शान आकाशदीप अब जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं> रविवार रात उनके पैतृक गांव बड्डी में भव्य तिलक समारोह का आयोजन किया गया...

टीम इंडिया के गेंदबाज आकाश दीप के तिलक समारोह में उमड़ा जनसैलाब- फोटो : reporter

Indian Cricketer Akash Deep: भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और रोहतास की शान आकाशदीप अब जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपनी रफ्तार और धारदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को मुश्किल में डालने वाले आकाशदीप के घर इन दिनों शादी की रौनक चरम पर है। रविवार रात उनके पैतृक गांव बड्डी में भव्य तिलक समारोह का आयोजन किया गया, जहां उत्सव का माहौल देखने को मिला।

डेहरी-ऑन-सोन के मानिकपुर से लड़की पक्ष के लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लेकर शिवसागर प्रखंड स्थित बड्डी गांव पहुंचे। विधि-विधान के साथ आकाशदीप को तिलक चढ़ाया गया। इस अवसर पर गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और बॉलीवुड थीम पर तैयार किए गए पूरे परिसर ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

24 जून को वाराणसी में आकाशदीप और अक्षिता राज विवाह सूत्र में बंधेंगे। शादी से पहले चल रहे मांगलिक कार्यक्रमों के तहत आज यानी 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म अदा की जाएगी। सभी पारंपरिक कार्यक्रम गांव में ही आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

तिलक समारोह को लेकर पूरे इलाके में जबरदस्त उत्साह था। अनुमान लगाया गया था कि करीब 20 हजार से अधिक लोग इस आयोजन में शामिल होंगे। दूर-दराज के गांवों और शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग अपने चहेते क्रिकेटर की खुशी में शरीक होने पहुंचे। मेहमानों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गई थी।

समारोह के दौरान दूल्हा बने आकाशदीप ने मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन किया और शुभकामनाएं स्वीकार कीं। चर्चा यह भी रही कि इस खास मौके पर कई मंत्री, क्रिकेटर और चर्चित हस्तियां शामिल हो सकती हैं। हालांकि देर रात तक सासाराम के सांसद मनोज राम ही प्रमुख अतिथि के रूप में पहुंचे थे।

दिल्ली से बुलाए गए मेकअप आर्टिस्ट और भव्य तैयारियों ने इस समारोह को किसी सेलिब्रिटी वेडिंग से कम नहीं रहने दिया। रोहतास का यह क्रिकेट सितारा अब जीवन की नई पारी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।


रिपोर्ट- रंजन कुमार