Bihar Flood:सोन नदी में बढ़ेगा सैलाब! बाणसागर के 8 गेट खुले, 3277 क्यूमेक्स पानी छोड़ा, रोहतास में हाई अलर्ट

Bihar Flood: सोन नदी में पानी का दबाव बढ़ने की आशंका ने रोहतास प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ...

सोन नदी में बढ़ेगा सैलाब! - फोटो : reporter

Bihar Flood: सोन नदी में पानी का दबाव बढ़ने की आशंका ने रोहतास प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश स्थित बाणसागर जलाशय में लगातार बारिश और जल आवक बढ़ने के बाद 30 अगस्त की रात दो अतिरिक्त रेडियल गेट खोल दिए गए। इसके साथ ही अब बाणसागर के कुल 8 गेट करीब 2 मीटर तक खुले रहेंगे।

जलाशय से फिलहाल करीब 3277 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जा रहा है। यह पानी सोन नदी के रास्ते आगे बिहार के रोहतास जिले में स्थित इंद्रपुरी डैम की ओर पहुंचेगा। जलप्रवाह बढ़ने के साथ सोन नदी के जलस्तर में भी इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए डेहरी समेत सोन नदी के तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। लोगों से नदी से दूरी बनाए रखने और अनावश्यक रूप से नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है।

प्रशासन की नजर बाणसागर जलाशय में लगातार हो रही जल आवक और जल निकासी पर बनी हुई है। यदि बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक और बढ़ती है तो बाणसागर से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में सोन नदी के किनारे बसे इलाकों में खतरा और बढ़ सकता है।

जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन संभावित जलप्रवाह पर नजर बनाए हुए हैं। खासकर तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।फिलहाल सबसे बड़ी चिंता यह है कि बाणसागर से छोड़ा गया पानी सोन नदी के रास्ते बिहार पहुंचने के बाद जलस्तर को कितना प्रभावित करेगा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हाई अलर्ट जारी कर दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

रिपोर्ट- रंजन सिंह राजपूत