Bihar fire: आग का तांडव,देखते ही देखते राख में बदली फर्नीचर की दुकान, लाखों का सामान खाक

Bihar fire: फर्नीचर की दुकान अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। कुछ हीं देर में सब कुछ खाक हो गया

आग का तांडव- फोटो : reporter

Bihar fire: एक फर्नीचर की दुकान अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। कुछ हीं देर में सब कुछ खाक हो गया सासाराम से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नगर थाना क्षेत्र के फल मंडी इलाके में एक फर्नीचर की दुकान अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। कुछ ही मिनटों में उठती लपटों ने पूरी दुकान को अपनी गिरफ्त में ले लिया और देखते ही देखते लाखों रुपए का कीमती सामान जलकर खाक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज़ी से फैली कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस हादसे की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि असल कारणों की जांच जारी है। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि दूर-दूर तक धुआं ही धुआं नजर आने लगा।

स्थानीय लोगों ने बिना देर किए साहस दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। बाल्टी-पाइप और उपलब्ध संसाधनों से लोगों ने मिलकर आग पर काफी हद तक काबू पाने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल गया और आग पास की दुकानों तक फैलने से रुक गई।

कुछ समय बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और बची-खुची आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी पूरा फर्नीचर शो-रूम जलकर राख में तब्दील हो चुका था। दुकान मालिक मदन शर्मा ने दर्द भरे शब्दों में बताया कि इस आग में उनका लगभग 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सोफा, पलंग, डाइनिंग टेबल, कुर्सी-टेबल सहित पूरा स्टॉक आग की भेंट चढ़ गया।

गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया, वरना फल मंडी का पूरा इलाका इसकी चपेट में आ सकता था और नुकसान कई गुना बढ़ सकता था। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर छोटे व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- रंजन कुमार