थाने में BSAP जवान ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी, मचा हड़कंप

रोहतास जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां करबंदिया थाने में तैनात बीएसएपी-1 के जवान ने अपनी ही सर्विस कार्बाइन से गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। घटना के बाद पुलिस महकंमे में हड़कंप मचा हुआ है.....

BSAP जवान ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जहां करबंदिया थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक की छत पर बीएसएपी-1 (BSAP-1) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस कार्बाइन गन से सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली की आवाज सुनते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जब सहयोगी जवान छत पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए।


मौके पर ही हुई मौत, रांची के डोरंडा मे रहता है परिवार

मृतक जवान की पहचान किशोर राणा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला गोर्खा कोटा का जवान था, जबकि उसका परिवार फिलहाल झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा इलाके में रहता है। जानकारी के अनुसार, किशोर राणा की पोस्टिंग पिछले कुछ ही दिनों पहले करबंदिया थाने में हुई थी। उन्होंने अपने हथियार से सिर के दाहिने तरफ गोली मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।


सासाराम सदर अस्पताल में कराया गया पोस्टमार्टम

घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेजा गया। सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जवान के सिर में गोली लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस विभाग की ओर से घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।


रोहतास एसपी रौशन कुमार ने की घटना की पुष्टि

इस पूरी हृदयविदारक घटना पर रोहतास के पुलिस अधीक्षक (SP) रौशन कुमार ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि जवान ने यह आत्मघाती कदम किस मानसिक तनाव या वजह से उठाया।


पुलिस महकमे में शोक की लहर, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

थाना परिसर के भीतर हुई इस अप्रत्याशित घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। सहकर्मियों के अनुसार, किशोर राणा अपने काम के प्रति निष्ठावान थे। घटना के कारणों को खंगालने के लिए फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी घटनास्थल का जायजा ले रहे हैं। परिजनों के सासाराम पहुंचने के बाद शव को उन्हें सौंप दिया जाएगा।

रंजन की रिपोर्ट