Bihar News:बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप, अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, सड़क पर उतरते ही भागने लगे दुकानदार

Bihar News:प्रशासन की सख्ती का ऐसा असर दिखा कि जैसे ही बुलडोजर मुख्य बाजार की सड़कों पर पहुंचा, अतिक्रमण कर कारोबार चला रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ...

बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप- फोटो : reporter

Bihar News:प्रशासन की सख्ती का ऐसा असर दिखा कि जैसे ही बुलडोजर मुख्य बाजार की सड़कों पर पहुंचा, अतिक्रमण कर कारोबार चला रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटने लगे तो कई लोग खुद ही अवैध कब्जे हटाने में जुट गए। सासाराम के चेनारी में अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन का बुलडोजर एक्शन शनिवार को चर्चा का विषय बन गया। 

दरअसल, चेनारी नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से सड़क किनारे, नालों के ऊपर और सार्वजनिक जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि थाना चौक, सब्जी मंडी, कर्पूरी चौक, सुदर्शन चौक समेत मुख्य बाजार की कई सड़कें अवैध कब्जे की वजह से सिकुड़ गई थीं। इससे आम लोगों को रोजाना जाम और परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।प्रशासन ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक मुनादी और नोटिस के जरिए अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी थी। उनसे अनुरोध किया गया था कि वे अपने-अपने दुकान, गुमटी और प्रतिष्ठानों के आगे किए गए अवैध कब्जे को स्वयं हटा लें। लेकिन जब बार-बार की हिदायतों का कोई असर नहीं हुआ तो जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया।

इसके बाद नगर पंचायत और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम बुलडोजर लेकर सड़क पर उतरी। कार्रवाई शुरू होते ही अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाए जाने लगे। बुलडोजर की गर्जना सुनते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। कई लोग अपनी दुकानों के सामने रखे सामान को हटाने लगे ताकि नुकसान से बचा जा सके।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से बाजार क्षेत्र अतिक्रमण की गिरफ्त में था और इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा था। लोगों का मानना है कि इस अभियान से बाजार की सूरत बदल सकती है और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।चेनारी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और सरकारी जमीन या सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट- रंजन कुमार