सीमेंट फैक्ट्री के मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने लगाया धारदार हथियार से हत्या का आरोप

संदिग्ध परिस्थिति में मजदूर की मौत- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत रोहतास थाना क्षेत्र के बकनौरा गांव से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां डालमिया सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले एक 45 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान ददन यादव के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मजदूरी कर घर लौट रहा था शख्स, रास्ते में मिली लाश

जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय ददन यादव डालमिया सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था और अपने परिवार का एकमात्र पालनहार था। रोजाना की तरह वह फैक्ट्री में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बकनौरा के समीप उसकी लाश बरामद हुई। घटनास्थल से पुलिस ने मृतक की बाइक भी बरामद की है।


हादसा या हत्या के बीच उलझी गुत्थी

शुरुआती तौर पर घटनास्थल की स्थिति को देखकर मामला पहली नजर में सड़क दुर्घटना (Road Accident) जैसा प्रतीत हो रहा है। लेकिन मृतक के परिजनों ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि ददन यादव की मौत कोई हादसा नहीं है, बल्कि किसी धारदार हथियार से हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या की गई है। आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात के पीछे कोई पुरानी आपसी रंजिश हो सकती है।


आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, FSL और डॉग स्क्वायड की टीम तैनात

इस संदिग्ध मौत की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण और मृतक के परिजन उग्र हो गए। न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने डेहरी से बंजारी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को बकनौरा के पास पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की स्पेशल फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए गहन जांच कर रही हैं।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

स्थानीय थाना पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों (हादसा या हत्या) का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश सहित तमाम संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।


रंजन कुमार की  रिपोर्ट