Indian Cricketer Akash Deep: क्रिकेट के सितारे के घर पहुंचेगा सत्ता का कारवां, आकाशदीप की शादी की अग्रीम शुभकामना देने बड्डी गांव आएंगे मुख्यमंत्री, रोहतास में उत्सव जैसा माहौल
Indian Cricketer Akash Deep: मुख्यमंत्री मंगलवार को बड्डी गांव पहुंचकर क्रिकेटर आकाशदीप और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे तथा उनके वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देंगे।
Indian Cricketer Akash Deep: रोहतास जिले का बड्डी गांव इन दिनों किसी बड़े जश्न से कम नहीं दिख रहा। भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते तेज गेंदबाज आकाश दीप के घर शादी की शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगी है। आगामी 21 जून को तिलक और 24 जून को होने वाले विवाह समारोह को लेकर पूरे गांव में उत्साह, उल्लास और तैयारियों का दौर चरम पर है। इसी बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड्डी गांव आगमन इस आयोजन को और भी खास बना रहा है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को बड्डी गांव पहुंचकर क्रिकेटर आकाशदीप और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे तथा उनके वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक क्रिकेटर के आवास पर रहेंगे। उनके स्वागत को लेकर गांव में विशेष तैयारियां की गई हैं। ग्रामीणों में भी मुख्यमंत्री और अपने गांव के क्रिकेट सितारे को एक साथ देखने का उत्साह साफ नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं गांव पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए विशेष हेलीपैड तैयार किया गया है, जबकि गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
आकाशदीप के विवाह समारोह की शुरुआत 21 जून को तिलक कार्यक्रम से होगी। इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगी। परिवार और रिश्तेदार इन कार्यक्रमों को यादगार बनाने में जुटे हैं।
24 जून को वाराणसी के एक पांच सितारा होटल में आकाशदीप और अक्षिता राज सात फेरे लेंगे। इस हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह में क्रिकेट, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। गांव के लोगों के लिए यह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के बेटे की उपलब्धि और सम्मान का उत्सव बन चुका है। बड्डी गांव अब क्रिकेट और खुशियों की नई पहचान के साथ राष्ट्रीय सुर्खियों में है।