सासाराम में सिपाही भर्ती परीक्षा: रेलवे स्टेशन पर उमड़ी परीक्षार्थियों की भारी भीड़, भीषण गर्मी में पानी के लिए तरसे अभ्यर्थी

इस भीषण गर्मी में मद्य निषेध विभाग की परीक्षा देने दूर-दराज के जिलों से पहुंचे लड़के-लड़कियों को रेलवे द्वारा चलाई गई स्पेशल ट्रेन से थोड़ी राहत मिली। लेकिन रेलवे स्टेशनों पर पीने के पानी के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ी...

भीषण गर्मी में नौकरी पाने की जद्दोजहद- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : राज्य के मद्य निषेध विभाग द्वारा आयोजित की गई सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर आज सासाराम रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। छात्रों की इस अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आईं। हालांकि, इस बेहद महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों और स्टेशन पर पहुंचे अभ्यर्थियों को बुनियादी सुविधाओं, विशेषकर पीने के पानी के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ी।


पानी के लिए लगीं लंबी कतारेंभीषण गर्मी ने बढ़ाई आफत 

एक तरफ जहां आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है, वहीं दूसरी तरफ सासाराम रेलवे स्टेशन पर पीने के पानी की किल्लत ने छात्रों की परेशानी दोगुनी कर दी। परीक्षा देकर लौट रहे लड़के और लड़कियों को पानी की एक-एक बूंद के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा। स्टेशन परिसर से सामने आईं तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह छात्र-छात्राएं बेहाल होकर कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और पैसे देकर पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं।


विशेष ट्रेनों से मिली राहतफिर भी स्टेशन पर पैर रखने की जगह नहीं 

परीक्षार्थियों की भारी तादाद और उनकी सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा सासाराम से पटना के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इस स्पेशल ट्रेन सेवा की शुरुआत से दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों को काफी हद तक राहत जरूर मिली है, इसके बावजूद सासाराम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और छात्रों की भारी भीड़ के कारण पैर रखने तक की जगह नहीं बची। ट्रेनों में सवार होने और स्टेशन परिसर से बाहर निकलने के लिए घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


दूर-दराज के जिलों से पहुंचे अभ्यर्थीबयां की अपनी प्रशासनिक पीड़ा 

इस सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए सूबे के कोने-कोने और दूर-दराज के जिलों से हजारों की संख्या में लड़के और लड़कियां सासाराम पहुंचे हैं। दरभंगा से परीक्षा देने सासाराम पहुंची परीक्षार्थी नीतू कुमारी ने अपनी आपबीती बयां करते हुए कहा कि उन्हें यहां तक पहुंचने में बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दरभंगा से सासाराम आने के लिए उन्हें कई बार गाड़ियां और रूट बदलने पड़े, तब जाकर वह केंद्र तक पहुंच पाईं। नीतू ने बताया कि परीक्षा खत्म होने के बाद अब घर वापसी के समय स्टेशन की भीड़ देखकर उनकी परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है।


सुरक्षा को लेकर अलर्ट रही RPF और GRP की टीम 

स्टेशन पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) के जवान चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद दिखे। पुलिस बल के जवान लगातार स्टेशन के प्लेटफॉर्मों और संवेदनशील हिस्सों में गश्त (पेट्रोलिंग) करते नजर आए। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पुलिसकर्मी न सिर्फ उपद्रवियों पर नजर रख रहे थे, बल्कि भारी भीड़ के बीच फंसे आम रेल यात्रियों और परेशान छात्र-छात्राओं की हरसंभव मदद और मार्गदर्शन करते भी दिखाई दिए।

रंजन कुमार की रिपोर्ट