Bihar News : सासाराम में बोलेरो और ऑटो की भीषण टक्कर, सीआरपीएफ जवान की हुई दर्दनाक मौत, पत्नी-बच्चों समेत 5 गंभीर रूप से हुए जख्मी
Bihar News : रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के निमियाडीह में एक बोलेरो तथा ऑटो में टक्कर हो गई। जिससे ऑटो सवार सीआरपीएफ का जवान कंचन ठाकुर की मौत हो गई.....पढ़िए आगे
SASARAM : रोहतास जिले के सासाराम अंतर्गत तिलौथू थाना क्षेत्र के निमियाडीह गांव के समीप एक अनियंत्रित बोलेरो और ऑटो के बीच भीषण सीधी भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो में सवार सीआरपीएफ (CRPF) के जवान कंचन ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ऑटो में सवार उनकी पत्नी, दो मासूम बच्चों और सास समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जवान की पत्नी चांदनी देवी की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर वाराणसी (उत्तर प्रदेश) रेफर कर दिया है। मृतक जवान की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव निवासी कंचन ठाकुर के रूप में हुई है। वे वर्तमान में असम के मानिकपुर में तैनात सीआरपीएफ की 87वीं बटालियन में सेवारत थे। जवान छुट्टी पर घर आए हुए थे और परिवार के साथ समय बिता रहे थे।
मृतक के भतीजे धर्मेंद्र कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जवान का परिवार (पत्नी और बच्चे) भोजपुर जिले के बिहिया स्थित ससुराल में रहता था। शनिवार को जवान कंचन ठाकुर अपनी पत्नी, दोनों बच्चों और सास को साथ लेकर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तुतला भवानी वाटरफॉल घूमने जा रहे थे। इसी यात्रा के दौरान निमियाडीह के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
खुशनुमा सफर के दौरान हुए इस अप्रत्याशित हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
रंजन की रिपोर्ट