सासाराम में आपसी रंजिश में दिनदहाड़े फायरिंग : एक युवक को लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार, इलाके में भारी फोर्स तैनात

सासाराम शहर के नुरनगंज मोहल्ले में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। इस घटना में गोली लगने से कन्हैया कुमार नामक युवक गंभीर रुप से घायल हुआ है, जिले इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है....

सासाराम शहर में ताबड़तोड़ फायरिंग - फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम शहर से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नुरनगंज मोहल्ले में आपसी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने से घायल हुए युवक की पहचान कन्हैया कुमार के रूप में की गई है, जिसे परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत इलाज के लिए सासाराम के एक निजी अस्पताल में भेजा गया है।


दिनदहाड़े गोलीबारी से इलाके में फैली दहशत, पुलिस बल की गई तैनाती 

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद पूरे नुरनगंज मोहल्ले और आसपास के इलाकों में भारी सनसनी और दहशत का माहौल फैल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता और किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए पूरे मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है, जिससे स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।


एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे, छानबीन जारी 

घटना की सूचना मिलते ही सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और हालात की समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की तह तक जाने के लिए गहन छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


आरोपी प्रिंस सोनी गिरफ्तार, पुलिस कर रही है पूछताछ 

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले में एक मुख्य आरोपी प्रिंस सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस खूनी संघर्ष और फायरिंग के पीछे का असली कारण क्या था तथा इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


आपसी रंजिश के बिंदुओं पर हो रही जांच, अन्य फरार संलिप्तों की तलाश जारी 

एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है कि विवाद की असल जड़ क्या थी। पुलिस का कहना है कि इस घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।


रंजन की रिपोर्ट