दो दिनों तक लाश के साथ सोता रहा कातिल पति, ढाई साल के मासूम के सामने ट्रॉली बैग में पैक की मां की ममता, शक की खातिर अपनी ही जीवनसंगिनी को उतारा मौत के घाट
एक पति ने शक के आधार पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को ट्रॉली बैग में भरकर कचरे के ढेर में फेंक दिया। इस दौरान दो दिन तक पत्नी के शव के साथ सोता रहा।
Sasaram/Dehri - : बिहार के रोहतास जिले के डेहरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पति ने शक के आधार पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को ट्रॉली बैग में भरकर कचरे के ढेर में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है।
सब्जी मंडी के पीछे मिला था संदिग्ध बैग
बीती 1 फरवरी को डेहरी नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पीछे एक लाल रंग के लावारिस ट्रॉली बैग से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली थी। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैग खोला, तो उसमें एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए डेहरी एएसपी अतुलेश झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एफएसएल (FSL) और तकनीकी सेल की मदद ली गई।
सोशल मीडिया से हुई शव की पहचान
पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। व्यापक प्रचार-प्रसार के बाद मृतका की पहचान मेहरून खातून उर्फ मेहरून निशा के रूप में हुई, जो डेहरी के जक्की बीघा की रहने वाली थी। इसके बाद मृतका के भाई मोहम्मद सरवर शेख ने डेहरी नगर थाने में मृतका के पति कयामुद्दीन अंसारी और अन्य के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
चरित्र पर शक के कारण की हत्या
गिरफ्तार आरोपी पति कयामुद्दीन अंसारी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे शक था कि मेहरून के किसी गैर मर्द के साथ अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर घर में अक्सर तनाव रहता था, जिसके चलते उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची और 30 जनवरी की रात मौका पाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
दो दिनों तक घर में ही रखा शव
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कयामुद्दीन दो दिनों तक शव के साथ अपने ढाई साल के बेटे के साथ घर में ही रहा। वह शव को ठिकाने लगाने का रास्ता ढूंढता रहा। जब कोई उपाय नहीं सूझा, तो उसने शव को एक बड़े ट्रॉली बैग में पैक किया और 1 फरवरी की रात उसे घसीटते हुए ले जाकर सब्जी मंडी के पास फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को कैमूर जिले के सोनहन से गिरफ्तार किया है।
तीन आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में
एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि इस मामले में पुलिस अब तक कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी कयामुद्दीन से पहले पुलिस ने इरफान आलम और राजू शेख मंसूरी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और मामले में संकलित साक्ष्यों को जांच के लिए पटना स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भेजा गया है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार