सासाराम में 'युवा संवाद' में पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बोले-बिहार की बहनों को छुआ तो 24 घंटे में सलाखों के पीछे भेजा जाएगा

बिहार की बहनों और बेटियों की तरफ कोई गलत नजर से देखेगा या छूने का दुस्साहस करेगा, तो 24 घंटे के अंदर उस पर कड़ी कार्रवाई कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। यह हमारी सरकार का बिहार की बहनों से वादा है। उक्त बातें मंगलवार को सीएम सम्राट ने सासाराम में कही.

सीएम सम्राट का बड़ा एलान- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को सासाराम पहुंचे, जहां उन्होंने जमुहार में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में शिरकत की। यह संवाद कार्यक्रम गुजरात के बड़नगर से वाराणसी की ओर जा रहे बाइक सवार सेवा यात्रियों के जत्थे के स्वागत में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और राज्य के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।


महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त रुख: 24 घंटे में होगी कार्रवाई

युवा संवाद को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में बेहतर होती सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "बिहार में ऐसा सुरक्षा का माहौल है कि यदि कोई हमारी बहनों की तरफ गलत नजर से देखेगा या छूने का दुस्साहस करेगा, तो 24 घंटे के अंदर उस पर कड़ी कार्रवाई कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। यह हमारी सरकार का बिहार की बहनों से वादा है।" उन्होंने आगे कहा कि हाल के दिनों में सामने आए वीडियो मामलों पर तुरंत पुलिस कार्रवाई की गई है, और आज एनडीए शासन में ही करोड़ों महिलाएं बेझिझक घर से निकलकर काम कर रही हैं।


विपक्ष के लिए सत्ता मेवा, एनडीए के लिए सेवा

विरोधी दलों पर जोरदार राजनीतिक हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सिर्फ 'मेवा' खाने और व्यक्तिगत लाभ पाने का जरिया है, जबकि एनडीए और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता सत्ता को जनता की 'सेवा भाव' से जोड़कर देखते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से लगातार सत्ता के शीर्ष पर रहते हुए उन्होंने निस्वार्थ सेवा का जो संकल्प लिया था, वह आज भी अनवरत जारी है।


2005 से पहले और बाद के बिहार का अंतर रेखांकित किया

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों के दौर को याद दिलाते हुए कहा कि 2005 से पहले और 2005 के बाद के बिहार में जमीन-आसमान का अंतर आया है। उन्होंने याद दिलाया कि कभी रोहतास और कैमूर का दियारा व पहाड़ी इलाका डाकुओं और अपराधियों के दहशत के लिए जाना जाता था, जहां लोग कैमूर से आरा जाने में भी थर-थर कांपते थे। लेकिन आज पूरे राज्य में कानून का राज कायम है और आवागमन सुरक्षित हुआ है।


कार्यक्रम में ये दिग्गज नेता रहे उपस्थित

इस भव्य 'युवा संवाद' कार्यक्रम में मध्य प्रदेश से आए सांसद बी.डी. सिंह, पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता भीकूभाई दलसानिया समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


रंजन की रिपोर्ट