सासाराम के बड्डी गांव पहुंचे सीएम सम्राट, भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप को दी शादी की अग्रिम बधाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप को शादी की अग्रिम बधाई देने के लिए रोहतास जिले के बड्डी गांव स्थित उनके पैतृक घर पहुंचे। सीएम ने इस दौरान जहां आकाशदीप के परिजनों से मिले...
Sasaram : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शिवसागर प्रखंड क्षेत्र के बड्डी गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह दौरा किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप के घर खुशियों में शामिल होने के लिए था। गौरतलब है कि क्रिकेटर आकाशदीप की शादी होने वाली है, और इसी मांगलिक कार्य से ठीक पहले उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई देने के लिए मुख्यमंत्री विशेष रूप से उनके पैतृक गांव पहुंचे।
हेलीपैड पर खुद क्रिकेटर आकाशदीप ने किया सीएम का भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर बड्डी गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जैसे ही सीएम का हेलीकॉप्टर गांव में लैंड हुआ, भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप ने खुद हेलीपैड पर पहुंचकर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने आकाशदीप के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। सीएम ने आकाशदीप से काफी देर बातचीत की और उन्हें उनके जीवन की इस नई पारी की शुरुआत के लिए ढेरों शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
21 जून को तिलक और 24 जून को होगी शादी, उत्सव का माहौल
क्रिकेटर आकाशदीप के पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आगामी 21 जून को उनका तिलक समारोह आयोजित होना है, जबकि 24 जून को वह परिणय सूत्र में बंधेंगे। शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही सूबे के मुखिया का क्रिकेटर के घर पहुंचकर बधाई देना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्रिकेटर के परिवार सहित पूरे बड्डी गांव के ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग भी रहे मौजूद, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीम बड्डी गांव में पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सीएम के स्वागत के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति भी दर्ज की गई। मुख्यमंत्री ने भी बड्डी गांव के लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और क्रिकेटर के परिवार के साथ कुछ समय बिताने के बाद पटना के लिए रवाना हो गए।
गांव के लाल की शादी में मुख्यमंत्री के आने से बढ़ा ग्रामीणों का मान
बड्डी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि आकाशदीप ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाकर न सिर्फ सासाराम बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। अब उनकी शादी के इस पावन अवसर पर खुद सूबे के मुख्यमंत्री का उनके पैतृक गांव आना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा होगा।
रंजन की रिपोर्ट