जमीन विवाद में पिता ने बेटे को मारी गोली, पुलिस ने बंदूक समेत आरोपी को दबोचा

जमीन विवाद में पिता ने बेटे को मारी गोली- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : सासाराम जिले के बड्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्रामपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता द्वारा अपने ही बेटे को गोली मार देने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।


जमीन गिरवी रखने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

बताया जाता है कि आरोपी पिता भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपू सिंह ने परिवार की एक जमीन को गिरवी रख दिया था। जब इस बात की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को हुई, तो घर में कलह शुरू हो गई। इसी मुद्दे पर पिता और पुत्र आनंद कुमार के बीच तीखी बहस होने लगी।


तैश में आकर पिता ने चलाई गोलीबेटे के पेट और पैर में लगे छर्रे

कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके पिता भूपेंद्र सिंह ने घर से बंदूक निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली से निकले छर्रे लगने से पुत्र आनंद कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके पेट और पैर में कई छर्रे लगे हैं।


खेत की ओर भाग रहे आरोपी पिता को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ाबंदूक जब्त

फायरिंग के बाद आरोपी पिता मौके से खेत की तरफ भागने लगा। घटना की सूचना मिलते ही बड्डी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भाग रहे आरोपी भूपेंद्र सिंह को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल बंदूक भी बरामद कर ली है।


सासाराम सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर

घायल आनंद कुमार को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सासाराम के सदर अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है।


रंजन की रिपोर्ट