सासाराम में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, कहा-'नालंदा मेरी आत्मा है

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सासाराम में आयोजित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाते हुए इसे एक उच्च मानक तक ले जाने का संकल्प दोहराया...

पटेल की 151वीं जयंती समारोह में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम स्थित तकिया बाजार में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पटेल सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं जदयू नेता निशांत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मंच पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के करगहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक वशिष्ठ सिंह ने की, जिसमें स्थानीय नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।


'नालंदा मेरी आत्मा है, रोहतास मेरा हृदय': स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार 

समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि वर्तमान सरकार में उन्हें स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे वे सभी जदयू कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग से पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाते हुए इसे एक उच्च मानक तक ले जाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान अपने पिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वे अक्सर कहा करते थे कि "नालंदा उनकी आत्मा है, तो रोहतास उनका हृदय है।"


युवाओं को रोजगार से जोड़ने का वादा और न्यायपालिका के कॉलेजियम सिस्टम पर विरोध 

कार्यक्रम में उपस्थित पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार रोजगार सृजन की दिशा में ठोस काम कर रही है। उन्होंने सरकार के प्रतिनिधि के रूप में वादा किया कि आने वाले समय में अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही, कार्यक्रम के दौरान न्यायपालिका में चल रही कॉलेजियम प्रणाली का खुलकर विरोध किया गया, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।


सासाराम के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में कार्यक्रम की रही खास चर्चा 

इस जयंती समारोह में दोनों मंत्रियों के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सरदार पटेल के जीवन और उनके देश के प्रति योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। सासाराम में आयोजित इस कार्यक्रम ने रोहतास जिले के राजनीतिक माहौल में एक बार फिर से सरगर्मी बढ़ा दी है।


रंजन की रिपोर्ट