Bihar News : डीएम हो तो ऐसा ! शहर को साफ़ रखने के लिए देर शाम टॉर्च लेकर सड़क पर उतरे, अधिकारियों को दिए कई निर्देश

Bihar News : रोहतास DM दीपक कुमार मिश्रा सोमवार की देर शाम सासाराम में टॉर्च लेकर सड़क पर उतरे ! जहाँ उन्होंने बेदा नहर पर STP के लिए जमीन का निरीक्षण किया......पढ़िए आगे

डीएम हो तो ऐसा ! - फोटो : SONU SINGH

SASARAM : सासाराम नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने देर शाम टॉर्च की रोशनी में बेदा नहर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सिंचाई विभाग, नगर निगम, बुडको (BUDCO) के वरिष्ठ अधिकारी तथा एसटीपी निर्माण से जुड़े संवेदक भी मौके पर मौजूद रहे।

निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के सटीक स्थल चयन के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आवश्यक जमीन की पर्याप्त उपलब्धता और उसकी तकनीकी उपयुक्तता की गहन जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में कोई व्यवधान न आए।

डीएम ने आगे स्पष्ट किया कि प्लांट के निर्माण के बाद आस-पास के इलाकों में दुर्गंध की समस्या न हो और पर्यावरण पूरी तरह सुरक्षित रहे, इसके लिए सभी आवश्यक तकनीकी पहलुओं पर विशेषज्ञों तथा संवेदकों के साथ विस्तार से मंथन किया जा रहा है। परियोजना को आधुनिक और जन-अनुकूल मानकों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान यह बात भी सामने आई कि चयनित भूमि को लेकर सिंचाई विभाग की ओर से कुछ आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इस पर डीएम ने कहा कि इन सभी प्रशासनिक और तकनीकी पहलुओं पर संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर वार्ता जारी है, ताकि आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी विभागीय अड़चनों को जल्द से जल्द दूर कर प्लांट के निर्माण की दिशा में अंतिम निर्णय लिया जाए। इस परियोजना के पूरा होने से सासाराम नगर निगम क्षेत्र में सीवेज प्रबंधन प्रणाली मजबूत होगी और आम लोगों को जलजमाव व गंदगी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

सोनू सिंह की रिपोर्ट