Bihar News: सासाराम में तेज गर्मी ने युवक की ली जान, आइसक्रीम बेचने वाले की मौत से हड़कंप
Bihar News: भीषण गर्मी के बीच रोहतास जिले के सासाराम से एक दुखद घटना सामने आई है। जहां आइसक्रीम बेचने वाले एक स्ट्रीट वेंडर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना करगहर थाना क्षेत्र के बभनी बाल की बताई जा रही है। मृतक की पहचान राजू राम (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शिवसागर थाना क्षेत्र के कोणार गांव निवासी शिव बहादुर राम के पुत्र थे।
वह पिछले कई वर्षों से आइसक्रीम बेचकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, गर्मी की शुरुआत के साथ ही राजू राम ने दो-तीन दिन पहले ही फिर से आइसक्रीम बेचने का काम शुरू किया था। गुरुवार को दिनभर तेज धूप और गर्मी में आइसक्रीम बेचने के बाद जब वह प्लांट पर लौटे, तो उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
उन्होंने बेचैनी की शिकायत की और कुछ ही देर में बेहोश हो गए। सहकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश में जुटे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी और लू के कारण उनकी जान गई। इन दिनों इलाके में तापमान लगातार बढ़ रहा है और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं।
ऐसे में दिनभर धूप में काम करने वाले स्ट्रीट वेंडरों के लिए हालात और भी कठिन हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में सावधानी बरतें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टर्माटम के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
सासाराम से रंजन की रिपोर्ट