Bihar News : रोहतास के दिनारा पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव: मृतक मजदूर के परिजनों से की मुलाकात, कहा- 'प्रदेश में पनप रहीं सामंती ताकतें'
Bihar News : बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज दिनारा पहुंचे। जहाँ जोगिया गांव में चंदेश्वर चौधरी नामक एक मजदूर की हत्या कर दिया गया था....पढ़िए आगे
SASARAM : बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शनिवार को रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड अंतर्गत मिल्की मनिहारी गांव पहुंचे। वहां उन्होंने मृतक मजदूर चंदेश्वर चौधरी के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उल्लेखनीय है कि जोगिया गांव में अजीत तिवारी नामक व्यक्ति ने चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद इलाके में जमकर बवाल हुआ था और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आगजनी भी की थी।
तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि उन्हें हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा और राजद इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी। मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के साथ-साथ आर्थिक मदद भी प्रदान की। हालांकि, पुलिस प्रशासन द्वारा हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन घटना के बाद से गांव में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और विधि-व्यवस्था पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से अपराधी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और पूरे बिहार में अराजकता का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार हत्याओं का दौर जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बिहार में एक बार फिर सामंती ताकतें सिर उठाने लगी हैं और गरीब-मजदूर वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष इस तरह के अन्याय और अत्याचार को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सरकार पर लगातार दबाव बनाए रखेगा।
रंजन की रिपोर्ट