सासाराम में बड़ी कार्रवाई: नोखा पुलिस ने दो सगे भाइयों को किया गिरफ्तार, 44.5 किलो गांजा बरामद
रोहतास जिले मे नशीले पदार्थो के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मे पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है.....
Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नोखा थाना की पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 44 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसे 42 अलग-अलग पैकेट में छिपाकर रखा गया था।
दो सगे भाई गिरफ्तार, खरारी पेट्रोल पंप के पास की गई कार्रवाई
पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान सुनील भारती और अजीत भारती के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी सासाराम-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर खरारी पेट्रोल पंप के पास उस समय हुई जब पुलिस ने नाकाबंदी कर एक बोलेरो वाहन की तलाशी ली।
एसडीपीओ संजीव कुमार ने दी जानकारी, महापुर के रहने वाले हैं तस्कर
मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बिक्रमगंज-सासाराम रोड स्थित खरारी के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान रोकी गई बोलेरो गाड़ी से 42 पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा मिला। पकड़े गए दोनों सगे भाई नोखा थाना क्षेत्र के महापुर गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी है।
रंजन की रिपोर्ट