Bihar Crime : रोहतास में एसबीआई एटीएम लूटने की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़, फायरिंग कर भागे बदमाश
Bihar Crime : रोहतास में SBI का एटीएम लूटने की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है. जहाँ पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गयी......पढ़िए आगे
SASARAM : रोहतास जिले के काराकाट नगर पंचायत अंतर्गत मुख्य बाजार गोडारी में शनिवार तड़के अपराधियों ने एसबीआई (SBI) के एटीएम को लूटने का दुस्साहस किया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस और लुटेरों के बीच हुई इस मुठभेड़ और फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
आधी रात को 'गैस कटर' के साथ पहुंचे थे अपराधी
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब तीन बजे दो से तीन हथियारबंद बदमाश पूर्व सरपंच स्वर्गीय विजय प्रसाद के मकान में स्थित एसबीआई एटीएम का शटर काटकर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे। अपराधी अपने साथ एटीएम तोड़ने के आधुनिक औजार भी लाए थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य बाजार में कुछ संदिग्ध गतिविधि हो रही है।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने खोल दिया मोर्चा
जैसे ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची, घेराबंदी देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए दो से तीन राउंड गोलियां चलाईं। खुद को घिरता देख अपराधी एक काले रंग की स्कॉर्पियो पर सवार होकर बिक्रमगंज की ओर तेजी से फरार हो गए। अपराधियों ने भागने के दौरान भी लगातार फायरिंग की, जिससे रात के सन्नाटे में गोलियों की गूँज से लोग सहम गए।
मौके से बरामद हुए औजार और कारतूस के खोखे
सुबह जब घटनास्थल का मुआयना किया गया, तो एटीएम का शटर टूटा हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके से एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न औजार और .315 बोर का एक खोखा बरामद किया है। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई है। गनीमत रही कि इस मुठभेड़ में कोई हताहत नहीं हुआ।
छापेमारी और सीसीटीवी की जांच तेज
फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और फरार लुटेरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे बैंक की एक बड़ी संपत्ति लूटने से बच गई।
रंजन की रिपोर्ट