सासाराम के कोचस बाजार में ज्वेलर्स दुकान में बड़ी डकैती, हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े करोड़ों के सोना-चांदी के आभूषण लूटे

ज्वेलर्स दुकान में बड़ी डकैती- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। सासाराम के कोचस बाजार स्थित चर्चित आभूषण कारोबारी सूरज सेठ की दुकान 'न्यू कंचन ज्वेलर्स' में दिनदहाड़े चार की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने भीषण लूट की वारदात को अंजाम दिया है। दो बाइकों पर सवार होकर आए इन बदमाशों ने ग्राहक के रूप में दुकान के अंदर प्रवेश किया। इनमें से कुछ अपराधियों ने सिर में हेलमेट पहन रखा था। दुकान के अंदर घुसते ही सभी ने ताबड़तोड़ पिस्तौल तान दी और आतंक का माहौल पैदा कर दिया।


महिला ग्राहकों और कर्मियों को बंधक बनाकर हाथ बांधे

डकैती के दौरान अपराधियों ने पूरी बेरहमी से अपनी योजना को अंजाम दिया। दुकान के अंदर पहले से मौजूद महिला ग्राहकों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया गया। इसके बाद सभी चार लोगों के हाथ रस्सी या अन्य चीजों से बांध दिए गए ताकि वे विरोध न कर सकें। इसके बाद बेखौफ अपराधियों ने दिन के उजाले में दुकान में रखे भारी मात्रा में सोने और चांदी के कीमती आभूषणों को अपने थैलों में समेट लिया। भागने के क्रम में अपराधी दहशत फैलाने के लिए दुकान में मौजूद दो लोगों के मोबाइल फोन भी अपने साथ लेते गए ताकि तुरंत पुलिस को सूचना न दी जा सके।


एसपी मिस्टर राज मौके पर पहुंचे, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही रोहतास के पुलिस अधीक्षक (SP) मिस्टर राज भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए गहन छानबीन शुरू कर दी है। एसपी ने मीडिया को बताया कि लूटे गए आभूषणों के सटीक आकलन और वजन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है, जिसमें अपराधियों की कई तस्वीरें कैद हुई हैं। उन्हीं के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।


एक साल पहले भी इसी दुकान पर हुई थी करोड़ों की डकैती

इस घटना के बाद से पूरे इलाके के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि ठीक एक साल पहले भी इसी प्रतिष्ठित आभूषण दुकान (न्यू कंचन ज्वेलर्स) को अपराधियों ने निशाना बनाया था और करोड़ों के आभूषणों की लूट की थी। एक बार फिर से उसी दुकान में इतनी बड़ी वारदात होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द लुटेरों की गिरफ्तारी और बरामदगी की मांग की है।


रंजन की रिपोर्ट