Bihar News: मेडिकल छात्र की रहस्यमयी मौत से मचा हड़कंप, कॉलेज से आया फोन, पहुंचे परिजन तो बेटे का मिला शव
Bihar News: मेडिकल कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।..
Bihar News: सासाराम से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मेडिकल कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस और मेडिकल टीम पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।
मृतक छात्र की पहचान 26 वर्षीय हिमांशु बिहारी के रूप में हुई है, जो बिहार के मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र स्थित महेसुआ गांव का निवासी था। वह पिछले तीन वर्षों से नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और मेडिकल कॉलेज के तृतीय वर्ष का छात्र था।
मृतक के पिता रमन कुमार राणा ने बताया कि उन्हें कॉलेज प्रशासन की ओर से अचानक फोन कर सूचना दी गई कि उनके पुत्र की तबीयत बिगड़ गई है और उसका इलाज कॉलेज में चल रहा है। परिजन आनन-फानन में सासाराम पहुंचे, लेकिन तब तक हिमांशु की मौत हो चुकी थी। इस खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।परिजनों का कहना है कि हिमांशु पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। ऐसे में अचानक उसकी तबीयत कैसे बिगड़ी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। डॉक्टरों की एक टीम शव का परीक्षण कर रही है ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक और निष्पक्ष तरीके से पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं पुलिस भी कॉलेज प्रशासन, छात्रों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर अपने स्तर पर जांच कर रही है।
फिलहाल पूरे मामले की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है। मेडिकल छात्र की अचानक हुई मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि कॉलेज प्रशासन और छात्र समुदाय को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। अब सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे इस रहस्यमयी मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह