डेहरी में बरसे मुकेश सहनी : 'सरकार की तानाशाही जनरल डायर जैसी, छात्रों पर AK-47 लहराना दुर्भाग्यपूर्ण'

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और वीआईपी सुप्रीमो ने प्रदेश की सम्राट सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान सरकार की तानाशाही रवैया जनरल डायर की याद दिला रही है.......

बिहार सरकार पर बरसे मुकेश सहनी- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के डेहरी में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। वे डेहरी में भगवान वेदव्यास ट्रस्ट द्वारा आयोजित भगवान वेदव्यास जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के स्थानीय विधायक सोनू सिंह भी मंच पर विशेष रूप से मौजूद रहे।


'जनरल डायर की याद दिला रही वर्तमान सरकार की तानाशाही'

समारोह को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने सत्ताधारी व्यवस्था की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान शासन की तानाशाही ने अंग्रेजों के दौर के जनरल डायर की याद ताजा कर दी है। आजादी से पहले जिस तरह अंग्रेज भारतीय नौजवानों पर गोलियां चलवाते थे, ठीक उसी तरह आज की सरकार अपने ही नागरिकों और निर्दोष छात्रों को एके-47 जैसे घातक हथियार दिखाकर डराने-धमकाने का काम कर रही है।


छात्रों पर हथियार लहराने को बताया लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन

मुकेश सहनी ने कहा कि भारत का संविधान देश के प्रत्येक नागरिक और छात्र को अपनी मांगों और अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन व आंदोलन करने का मौलिक अधिकार देता है। लेकिन जब युवा अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करते हुए सरकार तक अपनी बात पहुंचाते हैं, तो उन पर एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार लहराए जाते हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।


'देश के युवाओं ने सरकार को घुटने पर ला दिया, समय रहते संभल जाए सत्ता'

VIP सुप्रीमो ने चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र या राज्य सरकार आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि देश के एकजुट युवाओं ने इस तानाशाह रवैये को घुटने पर ला दिया है। ऐसे में सरकार के पास अभी समय है कि वह संभल जाए और अपनी नीतियों व तानाशाही रवैये में सुधार करे, अन्यथा युवा वर्ग इसका माकूल जवाब देगा।


मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित, विधायक सोनू सिंह भी रहे मौजूद

भगवान वेदव्यास ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। अतिथियों ने सफल अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति रही।


रंजन की   रिपोर्ट