Bihar Road Accident: NH-19 पर दर्दनाक हादसा, तमिलनाडु के श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराई, मौत से मातम

Bihar Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर तमिलनाडु से आए यात्रियों की बस और एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एककी मौत हो गई, जबकि 22 लोग ज़ख्मी हो गए।

तमिलनाडु के श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराई- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर तमिलनाडु से आए यात्रियों की बस और एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। ...सासाराम से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसने तीर्थ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की खुशियों को मातम में बदल दिया। डेहरी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमुहार में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर तमिलनाडु से आए यात्रियों की बस और एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक 80 वर्षीय बुज़ुर्ग की मौत हो गई, जबकि 9 महिलाएं और एक मासूम बच्चे समेत कुल 22 लोग ज़ख्मी हो गए।

बताया जाता है कि सभी यात्री तमिलनाडु के आलमपुर के अडंबा इलाके के रहने वाले थे और गायत्री परिवार से जुड़े हुए थे। श्रद्धा और आस्था के साथ वे पहले हवाई जहाज़ से वाराणसी पहुंचे थे। वहां से बस के जरिए गया की ओर प्रस्थान किया था। मगर किस्मत को कुछ और ही मंज़ूर था।

जमुहार के पास समानांतर चल रही एक ट्रक से अचानक बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक लगभग दो किलोमीटर तक एक-दूसरे से घिसटते हुए आगे बढ़ते रहे। सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का मंजर बन गया। इस भयावह हादसे में कांचीपुरम निवासी 80 वर्षीय रामो नामक बुज़ुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। मृतक रामो के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल लाया जा रहा है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। आस्था की राह पर निकले इन यात्रियों के लिए यह सफर ज़िंदगी का सबसे दर्दनाक पड़ाव बन गया। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार