सासाराम में डबल मर्डर से स्थानीय लोगों मे आक्रोश, शव सड़क पर रख किया हंगामा

सासाराम के बेदा गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक महिला और पुरुष की गोली मारकर हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगो ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर रोड जाम कर दिया....

सासाराम में डबल मर्डर से स्थानीय लोगों मे आक्रोश- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिला अंतर्गत सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक महिला और पुरुष की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान मणि भूषण कुमार और ननकी देवी के रूप में की गई है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग व परिजन सड़कों पर उतर आए।


मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम 

घटना से गुस्साए मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लगभग दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।


प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा 

सड़क जाम और बढ़ते जनआक्रोश की सूचना मिलते ही सासाराम के प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और आक्रोशित परिजनों से वार्ता की। प्रशासनिक टीम ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।


मृतक के पुत्र ने 24 घंटे में मांगी न्याय और आर्थिक मदद 

मृतका के पुत्र अभिषेक कुमार ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए कहा कि उन्हें 24 घंटे के अंदर न्याय चाहिए और हत्या में शामिल आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी होनी चाहिए। इसके साथ ही उसने अपनी छोटी बहन के भविष्य का हवाला देते हुए उसकी शादी के लिए सरकारी स्तर पर सहायता राशि और फंड उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।


दो घंटे बाद बहाल हुआ यातायात, जांच में जुटी पुलिस 

अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई और नियमानुसार सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन सड़क से हटने को तैयार हुए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर आवागमन दोबारा सामान्य हो सका। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

रंजन की रिपोर्ट