Fire in Train : सासाराम स्टेशन पर पटना पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, जायजा लेने पहुंचे DRM, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

Fire in Train : सासाराम रेलवे स्टेशन पर पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में अचानक आग लग गई। जिससे यात्रियों के बीच अफरा तफरी का माहौल हो गया......पढ़िए आगे

ट्रेन में लगी आग - फोटो : SOCIAL MEDIA

SASARAM : पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम से पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में अचानक आग लग गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया और महज कुछ घंटों के भीतर डीडीयू रेल मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीणा घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता से जांच करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआरएम ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की सूचना मिलते ही डीडीयू रेल मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीणा अपने अधिकारियों की टीम के साथ सासाराम रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने आग से प्रभावित रेल कोच का बारीकी से निरीक्षण किया तथा रेलवे के तकनीकी अधिकारियों, स्टेशन मास्टर एवं सुरक्षा बलों से पूरी घटना की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेलवे सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों को कोचों की नियमित तकनीकी जांच, वायरिंग सिस्टम की विशेष निगरानी तथा अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना के कारणों का सही पता लगाने के लिए रेलवे प्रशासन ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी जांच में शामिल किया है। एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जले हुए कोच से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कोच के अंदर से जले हुए तार, इलेक्ट्रिकल उपकरणों के अवशेष तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

डीआरएम उदय सिंह मीणा ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने जानकारी दी कि सोमवार की सुबह लगभग 05:30 बजे प्लेटफार्म संख्या 06 पर खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलता देखा गया। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया और प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और संयुक्त प्रयास से सुबह 06:05 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार घटना के समय कोच में अधिक यात्री मौजूद नहीं थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इस घटना में किसी यात्री अथवा रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे गंभीर

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सासाराम स्टेशन सहित पूरे रेलखंड में सुरक्षा व्यवस्था की अतिरिक्त समीक्षा शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों को सभी ट्रेनों के कोचों की तकनीकी जांच तेज करने तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआरएम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

रंजन की रिपोर्ट