मामी की बहन से 'इश्क' और पत्नी का 'मर्डर': कसाई बना बिजली मिस्त्री पति, ढाई साल के बच्चे की माँ को सूटकेस में पैक कर कचरे में फेंका

अवैध संबंधों के जुनून में एक पति 'कसाई' बन गया। डेहरी नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव को किसी खिलौने की तरह मरोड़कर एक छोटे से सूटकेस में ठूंस दिया गया।

Dehri : बिहार के रोहतास जिले में रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कूड़े के ढेर में फेंके गए एक लाल रंग के ट्रॉली बैग से एक विवाहिता का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश की रहने वाली मेहरून खातून के रूप में हुई है, जिसकी हत्या कर शव को बेहद क्रूर तरीके से बैग में ठूंसकर फेंका गया था।  

कचरे के ढेर में मिला संदिग्ध ट्रॉली बैग

रविवार सुबह करीब 10 बजे डेहरी नगर थाना क्षेत्र के रामपुर चौराहा (सब्जी मंडी के पास) जब सफाई कर्मी कचरा उठाने पहुंचे, तो उनकी नजर एक बंद लाल रंग के ट्रॉली बैग पर पड़ी। बैग से उठती तेज दुर्गंध के कारण कर्मियों ने स्थानीय लोगों को सूचित किया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम को मामले की जानकारी दी गई। 

क्रूरता की हदें पार: बोरे में पैक था शव

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब बैग खोला तो अंदर का नजारा खौफनाक था। करीब 25 से 30 साल की महिला की लाश को प्लास्टिक के बोरे में भरकर टेप से चारों तरफ से लपेटा गया था। शव को इतनी बेरहमी से मोड़कर रखा गया था कि गर्दन और घुटने एक साथ बंधे हुए थे। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या कहीं और की गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को यहाँ फेंका गया। 

मृतका की पहचान और ससुराल का जुड़ाव

शव मिलने के करीब 5 घंटे बाद मृतका की पहचान मेहरून खातून (25) के रूप में हुई। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की रहने वाली थी। मेहरून का निकाह साल 2022 में रोहतास के डेहरी निवासी क्यामुद्दीन के साथ हुआ था, जो पेशे से बिजली मिस्त्री है। दोनों का ढाई साल का एक बेटा भी है। 

अवैध संबंध और घरेलू कलह का विवाद

मृतका की माँ ने रोते हुए दामाद क्यामुद्दीन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। माँ के अनुसार, क्यामुद्दीन का उसकी मामी की बहन के साथ अवैध संबंध था, जिसका मेहरून विरोध करती थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर मारपीट होती थी। शुक्रवार की रात दामाद ने फोन कर बताया था कि मेहरून कहीं भाग गई है, लेकिन रविवार सुबह उसका शव सूटकेस में मिला। 

'खूनी' निकला परिवार का इतिहास

मेहरून की माँ ने खुलासा किया कि उनके दामाद का परिवार पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है। उन्होंने बताया कि क्यामुद्दीन की माँ की भी उसके चाचा ने अवैध संबंधों के कारण हत्या कर दी थी। इसी वजह से वह बचपन से ही अपनी नानी के घर रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि उसी घर में चल रहे प्रेम प्रसंग के रास्ते में रोड़ा बनने पर मेहरून को रास्ते से हटा दिया गया। 

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी

डेहरी एसडीपीओ (SDPO) गौरव कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुँचा जा सके। फिलहाल आरोपी पति घर छोड़कर फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।