रोहतास पुलिस का बड़ा 'सर्जिकल स्ट्राइक': 7 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, 16 लूट और गोलीबारी के कांडों का खुलासा

रोहतास एसपी रौशन कुमार ने सासाराम में प्रेस वार्ता कर 16 आपराधिक कांडों के उद्भेदन की जानकारी दी। लूट, गोलीबारी और छिनैती में शामिल 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

Sasaram - रोहतास पुलिस ने पिछले एक सप्ताह के भीतर हुई लूटपाट और गोलीबारी की कई सनसनीखेज वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक बड़े संगठित गिरोह के 7 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एसपी रौशन कुमार ने सासाराम में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इन गिरफ्तारियों के साथ रोहतास और कैमूर जिले के कुल 16 आपराधिक कांडों का खुलासा हुआ है।

इस कार्रवाई से रोहतास पुलिस ने शाहाबाद क्षेत्र में सक्रिय एक खतरनाक अपराधी गिरोह की कमर तोड़ दी है। एसपी रौशन कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर लूटपाट, छिनैती और जानलेवा हमले में शामिल सात अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने हाल के दिनों में सासाराम नगर, शिवसागर, दरीगांव और भदौखर थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला रखी थी।

लूट की योजना बनाते धरे गए कुदरा के अपराधी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सासाराम के नवरत्न बाजार के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कैमूर जिले के कुदरा निवासी मोहित कुमार और अजय प्रजापति को लूट की योजना बनाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। पूछताछ के दौरान इनकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुँचने में सफलता मिली।

गिरफ्तार अपराधियों का 'क्रिमिनल रिकॉर्ड'

एसपी ने बताया कि पकड़े गए अपराधी बेहद शातिर हैं और उन पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं:

  • खिड़की घाट (सासाराम): यहाँ से भूलेटन यादव उर्फ राकेश कुमार और रौशन कुमार की गिरफ्तारी हुई है। भूलेटन पर शिवसागर में लूट के दौरान गोली मारने का आरोप है।

  • कैमूर (भगवानपुर): मंटू पांडे और दिनेश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

  • चेनारी: टेकारी निवासी विजय कुमार को भी दबोचा गया है।

  • ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटे थे पैसे

इस गिरोह की कार्यशैली इतनी संगठित थी कि इन्होंने दरीगांव थाना क्षेत्र में एक ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर उसके मालिक के खाते से अपने एक सहयोगी के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवाए थे। पुलिस ने उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है जिसके खाते में रात के 2 बजे पैसे मंगाए गए थे। पुलिस की मानें तो यह गिरोह सासाराम में किराए का मकान लेकर संगठित तरीके से चोरी और छिनैती को अंजाम दे रहा था।

60 से अधिक वारदातों में संलिप्तता की आशंका

एसपी रौशन कुमार ने कहा कि फिलहाल 16 कांडों का उद्भेदन हुआ है, लेकिन गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद यह संख्या 60 से अधिक पहुँच सकती है। यह गिरोह न केवल रोहतास बल्कि अंतर-जिला और राज्य के बाहर भी सक्रिय रहा है। इस बड़ी कामयाबी के लिए पूरी पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।

रंजन कुमार की रिपोर्ट