अंधेरी सड़क पर अचानक स्कॉर्पियो की हेडलाइट हुई गुल, हुआ भीषण हादसा, तिलक समारोह से लौट रहे बुजुर्ग की मौत

रोहतास के समहुता में एक तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो के पलटने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हेडलाइट अचानक बंद होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया था।

Sasaram - रोहतास जिले के करहगर थाना क्षेत्र के समहुता गांव के पास शनिवार की रात एक तिलक समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब वापस लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के खवनी गांव से एक तिलक समारोह समहुता निवासी मधुरेंद्र राय के घर आया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मध्य रात्रि में लोग स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कौआडीह-बलभद्रपुर पथ पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हेडलाइट बंद होने से बिगड़ा संतुलन

हादसे का कारण तकनीकी खराबी और तेज रफ्तार बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलती गाड़ी की हेडलाइट अचानक बंद हो गई, जिससे अंधेरे में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे गहरी चाट (खड्ड) में जा पलटी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सबको बाहर निकाला।

पिता की मौत, पुत्र की हालत गंभीर

इस दुर्घटना में 65 वर्षीय कामेश्वर राय की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके पुत्र उज्ज्वल राय और एक अन्य व्यक्ति भोला राय गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।

परिजनों में कोहराम, गांव में मातम

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय पुलिस बल और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां इस हादसे के बाद सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।