कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री? सासाराम में मंत्री संतोष सुमन ने दिए बड़े संकेत, सीएम नीतीश को बताया युगपुरुष

बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने सासाराम की 'गरीब चौपाल' में सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नीतीश को मील का पत्थर बताया और नए नेतृत्व पर भी चर्चा की।

Sasaram - बिहार सरकार के मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के वरिष्ठ नेता डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफे पर बड़ा बयान दिया है। सासाराम के पटेल धर्मशाला में आयोजित 'गरीब चौपाल' कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नीतीश कुमार को एक 'युग पुरुष' बताते हुए उनके कार्यकाल की जमकर सराहना की।

नीतीश कुमार का कार्यकाल 'मील का पत्थर'

मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास के लिए जो काम किए हैं, वे राज्य के इतिहास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक अनुभवी और साहसी नेता बताते हुए कहा कि उनकी कार्यक्षमता का मुकाबला करना किसी भी अन्य नेता के लिए आसान नहीं होगा।

अगला मुख्यमंत्री और नीतीश का मार्गदर्शन

नीतीश कुमार के इस्तीफे और भविष्य की राजनीति पर चर्चा करते हुए संतोष सुमन ने संकेत दिया कि आने वाले समय में बिहार को एक ऐसा मुख्यमंत्री मिलेगा जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई सरकार और नया मुख्यमंत्री भी नीतीश कुमार के अनुभव और उनके निर्देशन में ही काम करेंगे। संतोष सुमन के अनुसार, अगले नेतृत्व को नीतीश कुमार के व्यापक राजनीतिक अनुभव का भरपूर लाभ मिलेगा।

नीतीश कुमार के बताए रास्तों पर चलने का संकल्प

संतोष सुमन ने यह भी स्वीकार किया कि एक नया 'नीतीश कुमार' बनने में काफी समय लगता है, लेकिन वे और उनकी पार्टी मुख्यमंत्री द्वारा दिखाए गए विकास के रास्तों पर चलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की मजबूती और प्रगति के लिए नीतीश कुमार की नीतियां ही भविष्य का आधार बनेंगी।

Report - Ranjan kumar