सासाराम में आजादी की शाम देशभक्ति के रंग में रंगी, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, तालियों से गूंजा पूरा परिसर

Bihar News: सासाराम में स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर देर शाम तक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सासाराम में आजादी की शाम देशभक्ति के रंग में रंगी- फोटो : reporter

Bihar News: सासाराम में स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर देर शाम तक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से किया। स्वतंत्रता दिवस के जश्न में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और कला से जुड़ी कई रंगारंग प्रस्तुतियां पेश कीं। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरा परिसर बच्चों की प्रस्तुतियों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का खास आकर्षण हारमोनियम पर अद्वैत साह का एकल गायन रहा। जैसे ही उन्होंने देशभक्ति गीत की प्रस्तुति शुरू की, माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के जज्बे से भर गया। गीत खत्म होते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।

बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर वर्ष इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें रोहतास जिले के अलग-अलग सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ देशभक्ति और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी है।

कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोहतास की सांस्कृतिक विरासत काफी समृद्ध और उन्नत है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया है।सासाराम की इस शाम में जहां आजादी का जश्न दिखाई दिया, वहीं बच्चों की कला और देशभक्ति ने समारोह को यादगार बना दिया।

रिपोर्ट- रंजन कुमार