Bihar gas crisis: सासाराम में गैस का गैंगवार,सिलेंडर नहीं मिलेने से नाराज लोगों ने किया सड़क जाम, कालाबाजारी पर फूटा जनता का कहर
Bihar gas crisis:बिहार के सासाराम से एक हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर की किल्लत ने आम जनता को सड़कों पर उतरने पर मजबूर कर दिया।...
Bihar gas crisis:बिहार के सासाराम से एक हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर की किल्लत ने आम जनता को सड़कों पर उतरने पर मजबूर कर दिया। नोखा बाजार में गुस्साए उपभोक्ताओं ने सासाराम-आरा पथ को जाम कर दिया और सड़क पर ही खाली गैस सिलेंडर रखकर सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
आलम यह था कि लोग रात के दो बजे से ही लाइन में खड़े थे, लेकिन सुबह तक भी गैस की सप्लाई का कोई अता-पता नहीं। इस सप्लाई घोटाले से तंग आकर लोगों ने सड़क को ही प्रोटेस्ट ग्राउंड बना दिया। सासाराम से आरा जाने वाली यह मुख्य सड़क पूरी तरह ठप हो गई, जिससे आम जनजीवन पर भारी असर पड़ा। आक्रोशित लोगों का आरोप है कि एक तरफ वे महीनों पहले नंबर लगाकर इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ गैस सिलेंडर खुलेआम ब्लैक मार्केट में उपलब्ध है। यानी अंदरखाने में गैस का खेल जारी है और आम आदमी लाइन में खड़ा रहकर ठगा जा रहा है।
एलपीजी उपभोक्ता मनोज सोनी का कहना है कि उन्होंने एक मार्च को ही नंबर लगाया था, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। वहीं पश्चिम पट्टी की मीरा देवी का दर्द और भी गहरा है उनके घर में एक महीने से चूल्हा ठंडा पड़ा है, और रात भर लाइन में खड़े रहने के बावजूद गैस नहीं मिली।गुस्से में उबलती भीड़ ने सड़क पर सिलेंडर रखकर साफ संदेश दिया या तो गैस दो, या रास्ता बंद रहेगा। यह विरोध किसी साधारण नाराजगी का नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों से जूझ रहे लोगों की चीख है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई। लेकिन हालात ऐसे हैं कि भूख और बेबसी के सामने कानून की अपील भी फीकी पड़ती नजर आ रही है। स्थानीय स्तर पर अभय इंडेन सर्विस गैस एजेंसी पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गैस कांड पर क्या एक्शन लेता है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दफन होकर रह जाएगा।
रिपोर्ट-रंजन कुमार