अपराधियों का दिनदहाड़े दुस्साहस: घर के दरवाजे पर ट्रांसपोर्टर को घेरा, पिस्तौल सटाकर ₹1 लाख और मोबाइल लूटा
सासाराम के नवरत्न बाजार में हथियारबंद अपराधियों ने एक ट्रांसपोर्टर से पिस्तौल के बल पर ₹1 लाख नगद, मोबाइल और जरूरी कागजात लूट लिए
Sasaram - रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिसिया इकबाल को चुनौती देते हुए बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। व्यस्त नवरत्न बाजार इलाके में हथियारबंद अपराधियों ने एक ट्रांसपोर्टर सह एलआईसी एजेंट से पिस्तौल के बल पर करीब ₹1 लाख नगद, मोबाइल फोन और बैंक से संबंधित जरूरी कागजात लूट लिए। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है।
मजदूरों का पेमेंट कर लौट रहे थे घर
पीड़ित ट्रांसपोर्टर रोहित कुमार पोद्दार ने बताया कि वे रेलवे गोदाम से मजदूरों और ट्रक चालकों का भुगतान (पेमेंट) करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। वे जैसे ही बलिया रोड होते हुए नवरत्न बाजार स्थित अपने आवास के गेट पर पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित के अनुसार, अपराधियों की संख्या पाँच से छह थी, जिनमें से दो ने सीधे उनके सिर पर पिस्तौल तान दी।
नगदी के साथ LIC के कागजात और चेक बुक भी ले उड़े
अपराधियों ने रोहित कुमार पोद्दार के पास मौजूद बैग और जेब से करीब एक लाख रुपये नगद छीन लिए। इसके अलावा, अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और एलआईसी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लूट लिए। बैग में ग्राहकों के साइन किए हुए ब्लैंक चेक भी थे। रोहित कुमार पोद्दार न केवल ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं, बल्कि वे एलआईसी के जेडएम क्लब मेंबर और सक्रिय अभिकर्ता (एजेंट) भी हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं, जिनमें अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठते सवाल
नवरत्न बाजार जैसे घनी आबादी और व्यापारिक केंद्र में दिनदहाड़े हुई इस लूट ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जिस तरह से अपराधियों ने घर के दरवाजे पर लूटपाट की, उससे आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों के हुलिए और भागने के रास्ते का पता लगा रही है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार