घर से पार्टी में जाने निकला था नर्सिंग छात्र, देर रात पुलिस के फोन से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, दो की हालत गंभीर

Bihar Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भीषण सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग के 19 वर्षीय छात्र अभिषेक कुमार की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पार्टी से लौट रहे BSC नर्सिंग छात्र की मौत,- फोटो : reporter

Bihar Accident: सासाराम से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर एक होनहार छात्र की जिंदगी निगल गया। धौडॉढ थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग के 19 वर्षीय छात्र अभिषेक कुमार की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि हादसा देर रात करीब 2 बजे हुआ। अभिषेक अपने दोस्तों के साथ किसी पार्टी में शामिल होने के बाद कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान एनएच-19 पर अचानक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही अभिषेक की मौत हो गई।मृतक अभिषेक कुमार शिवसागर थाना क्षेत्र के भद्रशिला गांव निवासी गौरी शंकर प्रसाद का पुत्र था। वह शेरशाह नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग का छात्र था। महज 19 साल की उम्र में उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

अभिषेक की बहन आकांक्षा ने बताया कि वह घर से यह कहकर निकला था कि एक दोस्त की पार्टी में जा रहा है। शाम के समय उसने फोन कर बताया था कि देर रात होने के कारण शायद वह घर नहीं लौट पाएगा।लेकिन परिवार को क्या पता था कि यह उसकी आखिरी बातचीत होगी। देर रात धौडॉढ थाना पुलिस ने फोन कर परिजनों को सड़क हादसे की सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

इस दुर्घटना में अभिषेक के साथ मौजूद दो अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।वहीं अभिषेक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद धौडॉढ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह मानी जा रही है।एक होनहार छात्र की असमय मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। परिवार, दोस्तों और गांव में शोक की लहर है। 

रिपोर्ट- रंजन कुमार