रामनवमी जुलूस में खौफनाक मंजर, आग से करतब दिखाते 3 किन्नर झुलसे, भीड़ में मचा हड़कंप

रोहतास के नोखा में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान आग से करतब दिखाना किन्नरों को भारी पड़ा। संतुलन बिगड़ने से 3 कलाकार गंभीर रूप से झुलसे। अस्पताल में इलाज जारी।

Sasaram - : बिहार के रोहतास जिले के नोखा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ रामनवमी के पावन अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा उस समय चीख-पुकार और भगदड़ में तब्दील हो गई, जब करतब दिखा रहे किन्नरों की एक टोली भीषण आग की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन किन्नर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करतब दिखाते समय बिगड़ा संतुलन और भड़क उठी आग

जानकारी के अनुसार, नोखा में रामनवमी को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। इस जुलूस में स्थानीय कलाकारों के साथ किन्नरों की एक टोली भी अपनी प्रस्तुति दे रही थी। रोमांच पैदा करने के लिए किन्नर आग के साथ खतरनाक करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और आग की लपटें बेकाबू होकर कलाकारों के शरीर पर फैल गईं। देखते ही देखते तीन किन्नर आग की लपटों में घिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पैर ज्यादा झुलसे, PHC में चल रहा है इलाज

आग की चपेट में आने से झुलसे तीनों किन्नरों को तत्काल नोखा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों के पैर काफी ज्यादा झुलस गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल तीनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद शोभायात्रा में शामिल लोग सख्ते में हैं।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पड़ी भारी!

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जुलूस के दौरान आग के साथ हैरतअंगेज कारनामे दिखाए जा रहे थे, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण यह बड़ा हादसा हो गया। वायरल तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पल भर में खुशी का माहौल दशहत में बदल गया। पुलिस और प्रशासन अब इस मामले की जांच कर रहे हैं कि सार्वजनिक आयोजनों में इस तरह के जानलेवा करतबों की अनुमति कैसे दी गई।

बैलेंस बिगड़ने से हुआ हादसा

"करतब दिखाने के दौरान अचानक बैलेंस बिगड़ा और आग फैल गई। हम लोग संभल पाते तब तक तीन साथी आग की चपेट में आ चुके थे।"शिवानी शर्मा (घायल कलाकार)

रिपोर्ट - रंजन कुमार