सासाराम से गुरुग्राम तक फैला था ठगी का जाल, 20 करोड़ लेकर गायब हुआ 'मास्टरमाइंड' आखिर कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?
सासाराम में विदेशी निवेश और पैसा दोगुना करने के नाम पर करीब 20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी रौशन कश्यप को रोहतास पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है।
Sasaram - रोहतास पुलिस ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विदेशी कंपनियों में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले मास्टरमाइंड रौशन कुमार कश्यप को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है. सासाराम के एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने वीडियो बाइट के माध्यम से बताया कि सासाराम नगर थाना की टीम ने एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा. इस गिरफ्तारी के बाद ठगी के कई नए मामले सामने आए हैं, जिससे जांच का दायरा काफी बढ़ गया है.
क्रिप्टो और दोगुने मुनाफे का मायाजाल
गिरफ्तार जालसाज रौशन कश्यप लोगों को विदेशी कंपनियों और क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर बहुत कम समय में पैसा दोगुना-तिगुना करने का लालच देता था. एसडीपीओ दिलीप कुमार के अनुसार, आरोपी ने इसके लिए 'My Adda Pool' नामक एक पोर्टल का उपयोग किया, जहाँ निवेशकों की आईडी बनाई जाती थी. शुरुआत में लोगों का भरोसा जीतने के लिए कुछ निवेशकों को मोटा मुनाफा और ब्याज भी दिया गया, ताकि वे और अधिक पैसा निवेश करें और दूसरों को भी इस जाल में फंसाएं.
20 करोड़ तक पहुंच सकता है ठगी का आंकड़ा
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सासाराम और उसके आसपास के इलाकों से लगभग 20 करोड़ रुपये की राशि वसूली गई है. फिलहाल, जिस मामले में गिरफ्तारी हुई है, वह 2 करोड़ 32 लाख 33 हजार 795 रुपये की ठगी से जुड़ा है. आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कई अन्य पीड़ित भी थाने पहुंचे, जिन्होंने लाखों रुपये गँवाने की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और लेन-देन के विवरण को खंगाल रही है.
पूरे गिरोह पर पुलिस की टेढ़ी नजर
एसडीपीओ ने जानकारी दी कि इस गोरखधंधे में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है. गौरतलब है कि रौशन कश्यप के भाई राजू कश्यप को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. यह गिरोह वर्ष 2024-25 के दौरान सासाराम में काफी सक्रिय रहा और एक सुनियोजित नेटवर्क के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई को निशाना बनाता रहा. पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
छापेमारी टीम और आगामी कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में सासाराम नगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन राय, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, संजय रंजय कुमार, अक्षय कुमार और सिपाही अमित कुमार शामिल थे. पुलिस ने बताया कि आरोपी के खातों में करोड़ों के ट्रांजैक्शन मिले हैं, जिन्हें फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत स्कीम या कम समय में पैसा दोगुना करने वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं.
Report - Ranjan kumar