दो मैरिज हॉल में 'मैरिज' के नाम पर चल रहा था सेक्स रैकेट, SDM के नेतृत्व में पुलिस ने 70 जोड़ों को दबोचा

बिहार के सासाराम में दो मैरिज हॉल पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने छापा मारा। 70 जोड़ों को कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में रंगे हाथों पकड़ा गया है। SDM के नेतृत्व में हुई इस बड़ी कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

सासाराम में सैक्स रैक्ट का खुलासा।- फोटो : Gemini

Sasaram -: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। शुक्रवार शाम पुलिस और प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दो मैरिज हॉल पर अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई में एक साथ 70 जोड़ों को कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में पकड़ा गया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर भर में हड़कंप मच गया है।

सेक्स रैकेट का हॉटस्पॉट: मैरिज हॉल के गेट बंद कर दी गई थी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को मालियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल और एक अन्य स्थान पर लंबे समय से सेक्स रैकेट संचालित होने की गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं। इसी आधार पर SDM के नेतृत्व में प्रशासनिक और भारी पुलिस बल की एक विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मैरिज हॉल के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए थे, जिससे वहां मौजूद लोगों को भागने का कोई मौका नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, हॉल के अंदर आपत्तिजनक गतिविधियां चल रही थीं।

140 लोगों से पूछताछ जारी, कानूनी कार्रवाई की तैयारी

अचानक हुई इस प्रशासनिक कार्रवाई से मैरिज हॉल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि, पुलिस की बड़ी संख्या के कारण कोई भी संदिग्ध व्यक्ति बाहर भागने में सफल नहीं हो पाया। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान करीब 140 लोगों (70 पुरुष और 70 महिलाएं) को मौके से पकड़ा गया है। पकड़े गए सभी लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस हर कमरे की सघन तलाशी ले रही है और पकड़े गए लोगों के ठिकाने और पहचान के बारे में पता लगा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

भारी पुलिस बल रहा तैनात, इलाके में चर्चा तेज

छापेमारी के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पूरे इलाके को घेरकर कार्रवाई की गई, ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति भाग न सके। पुलिस ने हॉल के भीतर मौजूद सभी लोगों को नियंत्रित कर जांच प्रक्रिया शुरू की। मैरिज हॉल में चल रहे इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ होने के बाद शहर भर में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।