समाहरणालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे वामदल के कार्यकर्ता, जाम में फंसी महिलाओं ने चप्पलों से कर दी कुटाई, खूब हुआ हंगामा
सासाराम में सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारियों की दो महिलाओं ने चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। जाम से नाराज महिलाओं ने ऑटो से उतरकर बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया।
Sasaram - बिहार के सासाराम में शुक्रवार को एक बेहद अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। कलेक्ट्रेट के सामने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे वाम दल के कार्यकर्ताओं की उस समय शामत आ गई, जब सड़क जाम से नाराज दो महिलाओं ने उन पर चप्पलों की बरसात कर दी। बीच सड़क पर हुई इस 'चप्पल मार' कार्रवाई को देखकर प्रदर्शनकारी और वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
जाम देख खोया आपा, शुरू कर दी चप्पलों से पिटाई
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र स्थित समाहरणालय के मुख्य द्वार पर भगत सिंह छात्र नौजवान सभा और वाम दलों के कार्यकर्ता अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन और नारेबाजी के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक ऑटो वहां पहुंचा जिसमें दो महिलाएं सवार थीं। जाम के कारण रास्ता बंद देख महिलाएं भड़क गईं और ऑटो से उतरकर सीधे प्रदर्शनकारी युवकों से उलझ गईं।
प्रदर्शनकारियों और ऑटो चालक के साथ भी हुई हाथापाई
गुस्साई महिलाओं ने आव देखा न ताव, अपनी चप्पल निकाली और प्रदर्शन कर रहे युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिलाएं इतनी नाराज थीं कि उन्होंने कई युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर चप्पलों से पीटा। इस अफरा-तफरी के बीच ऑटो चालक के साथ भी हाथापाई की खबर है। प्रदर्शनकारी, जो अब तक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, महिलाओं के इस औचक हमले से अचानक बैकफुट पर आ गए।
बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, दंग रहे राहगीर
समाहरणालय जैसे महत्वपूर्ण इलाके में करीब 15-20 मिनट तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। प्रदर्शनकारी युवक महिलाओं के गुस्से के सामने बेबस नजर आए। सड़क पर चल रहे राहगीर और अन्य लोग इस दृश्य को देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे थे, तो वहीं कुछ लोग चप्पल चलते देख सहम गए।
समझौते के बाद आगे निकलीं महिलाएं
काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थानीय लोगों और कुछ प्रदर्शनकारियों ने बीच-बचाव किया। महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। मामला शांत होने के बाद दोनों महिलाएं वापस अपने ऑटो में बैठीं और वहां से आगे के लिए रवाना हो गईं। इस घटना के बाद प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।
"हमें बहुत जरूरी काम था और ये लोग रास्ता रोके थे"
मारपीट करने वाली महिला कोमल देवी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उन्हें जरूरी काम से कहीं जाना था, लेकिन इन लोगों ने बेवजह सड़क जाम कर रखी थी। बार-बार कहने के बावजूद जब रास्ता नहीं मिला, तो गुस्से में आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
रिपोर्ट: रंजन कुमार लोकेशन: सासाराम (रोहतास)