बड़ी बेरहमी से हुई थी ईओ विमल कुमार की हत्या : शरीर के अंदरूनी अंग थे बुरी तरह क्षतिग्रस्त, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा

डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौकाने वाले मामले सामने आए है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उनकी हत्या बहुत ही बेरहमी से की गई थी। उनके शरीर पर मल्टीपल इंजरी पाए गए, जो मौत का कारण बनी....

ईओ विमल कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के बाद उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। डॉक्टरों की विशेष मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद विस्तृत रिपोर्ट रोहतास के सिविल सर्जन को सौंप दी गई है। रिपोर्ट में दर्ज विवरण बेहद गंभीर और खौफनाक हैं।


'मल्टीपल इंजरी' बनी मौत का कारण, शरीर के अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त

मामले की जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की मौत 'मल्टीपल इंजरी' (अत्यधिक अंदरूनी चोटों) के कारण हुई है। उनके सिर पर भारी और सख्त वस्तु से जोरदार प्रहार किया गया था। इसके अलावा उनके गले की दोनों तरफ की हड्डियां और थायराइड बोन पूरी तरह टूट चुकी थी, जिससे उनकी सांस की नली बंद हो गई और उनका दम घुट गया।


सीने की पसलियां टूटीं और लिवर फटा, भारी वस्तु से किया गया था प्रहार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मृतक अधिकारी के सीने के दोनों तरफ की पसलियां बुरी तरह टूटी हुई पाई गईं, फेफड़े में गंभीर चोटें थीं और उनका लिवर भी अंदर से फट चुका था। अंदरूनी अंगों के गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने और अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) के चलते उनके हृदय ने काम करना बंद कर दिया था।


शरीर पर गोली या धारदार हथियार के निशान नहीं, हार्ड एंड ब्लंट इंजरी की पुष्टि

सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि सासाराम में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के मुताबिक यह 'हार्ड एंड ब्लंट ऑब्जेक्ट इंजरी' का मामला है। उनके शरीर पर किसी धारदार हथियार से वार करने, घोंपने या गोली मारे जाने के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, किसी भारी और भोथरी वस्तु से इस कदर बर्बरतापूर्वक हमला किया गया कि शरीर के लगभग सभी प्रमुख आंतरिक अंग (मेजर पार्ट्स) गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

रंजन की रिपोर्ट