Bihar Crime News : डेहरी स्टेशन के पास ट्रॉली बैग में मिला युवती का शव, इलाके में मचा हड़कंप

SASARAM : बिहार के रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र से रविवार सुबह एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ रेलवे स्टेशन स्थित सब्जी मंडी के समीप एक लावारिस ट्रॉली बैग से एक युवती का शव बरामद हुआ है। सुबह करीब नौ बजे जब स्थानीय लोगों को बैग से भीषण दुर्गंध आई, तो पुलिस को सूचना दी गई। बैग खोलते ही अंदर युवती का शव देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, शिनाख्त में देरी से नाराजगी

सूचना मिलते ही डेहरी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और बैग को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया। हालांकि, इस दौरान पुलिस की कार्यशैली पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने अत्यधिक जल्दबाजी दिखाते हुए शव को सार्वजनिक रूप से शिनाख्त के लिए नहीं रखा। लोगों का मानना है कि यदि शव की पहचान के लिए मौका दिया जाता, तो शायद शिनाख्त जल्द हो सकती थी, जिसे लेकर मौके पर कुछ देर तक तनाव और नाराजगी भी देखी गई।

30 वर्षीय युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

प्रभारी डेहरी एसडीपीओ गौतम कुमार यादव ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष है और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को ट्रॉली बैग में भरकर स्टेशन के पास फेंका गया है। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई है ताकि तकनीकी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके।

एफएसएल (FSL) टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी पर टिकी नजर

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। रोहतास एसपी रौशन कुमार ने बताया कि स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सूटकेस लेकर वहां कौन पहुँचा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवती की हत्या कैसे और कब की गई।

पुलिस ने जनता से मांगी मदद, जांच तेज

रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह शव मिलने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस युवती के बारे में कोई भी जानकारी हो या किसी की गुमशुदगी दर्ज हो, तो तुरंत सूचित करें। फिलहाल, पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले के खुलासे के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही हैं।

रंजन की रिपोर्ट