Bihar News: हनुमान मंदिर में भीषण चोरी, बजरंगबली का सवा किलो का चांदी का गदा चोरी, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar News: हनुमान मंदिर में भीषण चोरी की घटना सामने आई है। जहां बजरंगबली का सवा किलो का चांदी का गदा चोरी हो गया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बजरंगबली का गदा चोरी - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के रोहतास से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां के एक प्राचीन हनुमान मंदिर में अपराधियों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती दी है। मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने पवनपुत्र हनुमान का सवा किलो चांदी का गदा और आभूषण चुरा लिया। सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे, तब इस शर्मनाक घटना का खुलासा हुआ। मंदिर में चोरी की इस खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

चांदी का गदा और आभूषण ले उड़े चोर

दरअसल, पूरा मामला रोहतास जिले के संझौली प्रखंड के जिगनी गांव स्थित हनुमान मंदिर का है। जहां बीती रात भीषण चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मंदिर के दो दरवाजों की कुंडी काटकर अंदर प्रवेश किया और चांदी के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, चोर बजरंगबली का करीब सवा किलो का चांदी का गदा, चांदी का खड़ाऊं, झाल, माइक-म्यूजिक सेट समेत अन्य कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। 

ढाई किलो तक चांदी के आभूषण चोरी 

ग्रामीणों के मुताबिक, कुल मिलाकर ढाई से तीन किलो तक चांदी के आभूषण मंदिर में थे, जिन्हें चोर उठा ले गए। सुबह जब मंदिर की देखरेख करने वाले लोग पहुंचे तो दरवाजे का हैंडल टूटा हुआ देखकर शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो म्यूजिक सिस्टम और अन्य सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

पहली बार हुई ऐसी घटना

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर संझौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

रोहतास से रंजन की रिपोर्ट