Bihar Politics: BRICS सम्मेलन पर उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा बयान, कहा-11 देशों के राष्ट्राध्यक्षों का भारत में एक मंच पर जुटना महत्वपूर्ण उपलब्धि

Bihar Politics: उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दुनिया के कई शक्तिशाली और महत्वपूर्ण देशों के प्रतिनिधि भारत में जुट रहे हैं।

BRICS सम्मेलन - फोटो : reporter

Bihar Politics:  राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में शुरू हो रहे BRICS सम्मेलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। सासाराम में  पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दुनिया के कई शक्तिशाली और महत्वपूर्ण देशों के प्रतिनिधि भारत में जुट रहे हैं। यह भारत के लिए गौरव और वैश्विक मंच पर बढ़ती प्रतिष्ठा का बड़ा संकेत है।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति समेत चीन के राष्ट्राध्यक्ष भी सम्मेलन में पहुंच रहे हैं। ऐसे में भारत को दुनिया के प्रभावशाली देशों की अगुवाई करने और वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीति और नेतृत्व का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख लगातार मजबूत हो रही है और BRICS सम्मेलन उसी का प्रत्यक्ष उदाहरण है। कुशवाहा के मुताबिक, विश्व के 11 देशों के राष्ट्राध्यक्षों का भारत में एक मंच पर जुटना देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख ने कहा कि दिल्ली के भारत मंडपम से आज पूरी दुनिया भारत की ताकत और उसकी बढ़ती कूटनीतिक हैसियत को देख रही है। भारत जिस तरह वैश्विक मंच पर अपनी प्रभावशाली मौजूदगी दर्ज करा रहा है, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि BRICS सम्मेलन की मेजबानी और दुनिया के प्रमुख देशों के नेताओं की भारत यात्रा निश्चित रूप से देश के लिए गौरव का क्षण है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रशंसा के पात्र हैं। कुशवाहा के इस बयान को बिहार की सियासत के साथ-साथ केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर उनके समर्थन के तौर पर भी देखा जा रहा है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार