Bihar News : निगरानी की टीम ने घुसखोर BCO को रंगे हाथ किया गिरफ्तार, पैक्स मैनेजर से 10 हज़ार रूपये मांगी थी रिश्वत

Bihar News : बिहार में घुसखोर अधिकारियों और कर्मियों पर निगरानी की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में टीम ने रंगे हाथ घुसखोर BCO को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

घुसखोर BCO गिरफ्तार - फोटो : RANJAN

SASARAM : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आज एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सासाराम के राजपुर प्रखंड में तैनात प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (BCO) जनार्दन कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी राजपुर में ही उस समय की गई जब वे रिश्वत की राशि स्वीकार कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, राजपुर के पैक्स प्रबंधक प्रशांत कुमार से धान खरीद के बाद भौतिक सत्यापन (Physical Verification) करने के एवज में बीसीओ जनार्दन कुमार द्वारा अवैध राशि की मांग की जा रही थी। सत्यापन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आरोपी अधिकारी ने 10 हजार रुपये की मांग की थी, जिससे परेशान होकर पैक्स प्रबंधक ने पटना स्थित निगरानी विभाग से इसकी लिखित शिकायत की।

प्रशांत कुमार की शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया। योजना के अनुसार, जैसे ही राजपुर में पैक्स प्रबंधक ने बीसीओ जनार्दन कुमार को रिश्वत के पैसे दिए, पहले से जाल बिछाकर बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

गिरफ्तारी के उपरांत निगरानी की टीम आरोपी बीसीओ को सासाराम स्थित उनके निजी आवास पर लेकर पहुंची। वहां टीम ने उनके घर की गहन तलाशी ली और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। निगरानी के इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बताया कि धान खरीद के भौतिक सत्यापन के लिए रिश्वत की मांग पूरी तरह अवैध थी, जिसके आधार पर यह ट्रैप कार्रवाई की गई। फिलहाल, गिरफ्तार बीसीओ जनार्दन कुमार को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। जिले में इस कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार में लिप्त अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। 

रंजन की रिपोर्ट