सासाराम में महिला की गोली मारकर हत्या : झाड़ियों के पास मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का गोली लगा हुआ शव बरामद किया गया है। मृतका की लाश तेलारी-चेनारी बाईपास की तरफ जाने वाली सड़क पर मिला। लाश मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी.

सासाराम में महिला की गोली मारकर हत्या - फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले अंतर्गत चेनारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां छितराटॉड के पास एक अज्ञात महिला का गोली लगा हुआ शव बरामद किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


सबराबाद तेलारी-चेनारी बाईपास रोड पर मिला शव, खोखा भी बरामद

मिली जानकारी के मुताबिक, महिला का शव सबराबाद के पास तेलारी-चेनारी बाईपास की तरफ जाने वाली सड़क पर मिला। स्थानीय ग्रामीणों की नज़र जब सुनसान रास्ते पर पड़े शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत चेनारी पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, जहां से एक इस्तेमाल किया गया कारतूस (खोखा) भी बरामद हुआ है।


पहचान छिपाने की नीयत से सुनसान इलाके में हत्या की आशंका

प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने किसी अन्य स्थान से महिला को बहला-फुसलाकर या जबरन इस सुनसान इलाके में लाया और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक महिला की उम्र और पहचान को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, पुलिस आसपास के थानों की मदद से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।


एफएसएल (FSL) टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का सटीक पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।


रंजन की रिपोर्ट