Bihar News : दुनिया त्राहि-त्राहि कर रही, भारत स्थिर,उपेंद्र कुशवाहा ने की पीएम मोदी की प्रशंसा,कहा-युद्ध के बीच भी काबू में हैं तेल-गैस के दाम

Bihar News: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है।

कुशवाहा का बड़ा बयान- फोटो : RANJAN

SASARAM : सासाराम से एक अहम सियासी बयान सामने आया है, जहां राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध जैसे हालात के बावजूद भारत में तेल और गैस की कीमतों को नियंत्रित रखना सराहनीय है। परिषदन में मीडिया से बातचीत करते हुए कुशवाहा ने कहा कि आज पूरी दुनिया तेल और गैस की किल्लत से जूझ रही है। कई देशों में हालात बिगड़ चुके हैं, लेकिन भारत में स्थिति अब भी काबू में है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह सब प्रधानमंत्री की कार्यकुशलता और नीतियों का नतीजा है।

उन्होंने आगे कहा कि जिन इलाकों से तेल और गैस की सप्लाई होती है, वहां इस समय बमबारी और संघर्ष का माहौल है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय हालात भारत के नियंत्रण में नहीं होने के बावजूद, देश के भीतर कीमतों को संतुलित रखना एक बड़ी उपलब्धि है।

कुशवाहा ने यह भी कहा कि आम लोग आज भी सामान्य तरीके से जीवन जी पा रहे हैं, जो केंद्र सरकार के संतुलित प्रबंधन को दर्शाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और फैसलों को मौजूदा वैश्विक संकट के दौर में मजबूत नेतृत्व का उदाहरण बताया।

इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और इसे मौजूदा परिस्थितियों में केंद्र सरकार के पक्ष में एक बड़ा पॉलिटिकल सपोर्ट माना जा रहा है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार